- महुली क्षेत्र के काली जगदीशपुर स्थित शिव मंदिर के सामने की घटना
- सोमवार को घर से निकला था मृतक
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के काली जगदीशपुर निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पुलिस चौकी के सामने स्थित शिव मंदिर के दक्षिण तरफ स्थित गड्ढे में मिला। परिजनों के मुताबिक मृतक घर से सोमवार को निकला था। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन के साथ शव के पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गई है। युवक की मौत किन हालात में हुई, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
क्षेत्र के काली जगदीशपुर गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र सागर चौहान सोमवार को घर से निकला था। जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन शुरू हुई तो दोपहर बाद पुलिस चौकी काली जगदीशपुर सामने शिव मंदिर के दक्षिण तरफ गड्ढे में कुछ लोगों ने शव को देखा। शोर मचाने पर अधिक संख्या में लोग पहुंच गए। मृतक की पहचान राजेश कुमार पुत्र सागर के रूप में हुई।
चौकी प्रभारी अमित कुशवाहा की सूचना पर इंस्पेक्टर राम कृष्ण मिश्र मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी लेकर शव पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुट गए।
बेटी का हाथ पीला करने का सपना रह गया अधूरा
धनघटा। काली जगदीशपुर गांव निवासी मृतक राजेश कुमार घर पर ही रह कर मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी दो बेटी और दो बेटे हैं। बड़ी बेटी सीमा की शादी अभी तय नहीं हुई है लेकिन बेटी के हाथ पीला करने के लिए वह एक-एक रुपया जोड़ने में लगा था। राजेश की वृद्ध मां राजमती देवी और पत्नी शांति देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। उनके जुबां से एक ही शब्द निकल रहा था कि अब कौन करेगा बेटियों के हाथ पीले।