-शहर की दोनों पटरियों पर लगाए जाने हैं पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में हरियाली लाने के लिए पटरियों पर पौधे लगाने की योजना बनी थी। दावा किया गया था कि बरसात के मौसम में दोनों पटरियों पर नीम सहित अन्य पौधे लगाए जाएंगे, लेकिन बरसात का मौसम बीतने वाला है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन पटरियों पर एक भी पौधा नहीं लगा पाया है।
नगर पालिका की योजना के अनुसार जुलाई और अगस्त माह में पौधे रोपित किए जाने थे। लोगों का कहना है कि बरसात का मौसम ही पौधरोपण के लिए उपयुक्त होता है, इससे पौधों का विकास तेजी से होता, लेकिन अब पौधे लगाने से भी फायदा नहीं होगा। शिव कुमार और आनंद कुमार व अन्य ने कहा कि शहर के पटरियों पर पौधे नहीं लगे हैं, ऐसे में तेज धूप होने पर छांव के लिए भटकना पड़ता है। पौधरोपण हो जाए तो आने वाले वर्षों में लोगाें को जहां छांव मिलेगा, वहीं शहर की खूबसूरत भी बढ़ेगी।
शहर की पटरियों पर पौधरोपण कराया जाना है। इसके लिए योजना तैयार है। अभी मेंहदावल बाईपास से आजाद चौक तक डिवाइडर पर फूल आदि लगाए जा रहे हैं। इसके बाद पौधरोपण का कार्य भी कराया जाएगा।
- अवधेश कुमार, ईओ नगर पाालिका परिषद खलीलाबाद