सोमवार को क्षेत्र के एकला और जमुअरिया गांव के बीच घोलवा पुल के निकट बदमाशों ने एसबीआई के जरिए संचालित ग्राहक सेवा केंद्र के एक संचालक से एक लाख रुपये लूट लिया।
बाइक सवार तीन बदमाशों ने पीड़ित को असलहा सटा कर घटना को अंजाम दिया। वारदात करने के बाद बिसौवा गांव की तरफ भाग निकले। खबर पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
कोतवाली क्षेत्र के मगहर निवासी कन्हैया लाल गुप्त पुत्र विष्णु दयाल गुप्त एसबीआई के जरिए संचालित होने वाले ग्राहक सेवा केंद्र को बिसौवा में संचालित करते है। सोमवार को पूर्वाह्न ग्यारह बजे वह एसबीआई की शाखा मेंहदावल से एक लाख रुपये निकाल कर ग्राहकों को भुगतान देने के लिए बिसौवा ग्राहक सेवा केंद्र पर बाइक से जा रहे थे। वह एकला और जमुअरिया गांव के बीच घलान पुल के पास पहुंचे ही थे।
उसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवर टेक करके उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने असलहा सटा कर उनके पास से रुपये रखा बैग छीन लिया और बिसौवा की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने घटना की सूचना पहले पुलिस और फिर एसबीआई की शाखा मेंहदावल के अधिकारियों को दी।
सूचना के बाद एसओ फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए और मामले की जांच पड़ताल की। इधर खबर पर एएसपी और सीओ भी पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने बैक में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और पीड़ित को तस्वीरें दिखा कर बदमाशों की पहचान कराने की कोशिश शुरू कर दी।
पीड़ित ने बदमाशों के बाइक का नंबर देख लिया और उसे पुलिस को बताया है। बदमाशों के बाइक का नंबर गोरखपुर जिले का बताया जा रहा है। एएसपी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक कन्हैया लाल गुप्त ने एक लाख रुपये लूट लेने की सूचना दी तो पुलिस जांच शुरू कर दी गई। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज करने के निर्देश एसओ को दिया है।