मेंहदावल। नरसिंहगढ़ी मंदिर परिसर में बुधवार को सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। अयोध्या से पहुंचे आचार्य धनंजय महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक कराया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र के कल्याण की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, शहद समेत विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया। सामूहिक रुद्राभिषेक के दौरान महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरा परिसर भक्तिमय नजर आया। आचार्य धनंजय महाराज ने रुद्राभिषेक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव की आराधना करने से मन को शांति मिलती है। उन्होंने लोगों से धार्मिक आयोजनों के साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।