संतकबीरनगर कोतवाली क्षेत्र के दुल्हीपार कठिनईया पुल के निकट मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने मिर्च पाउडर फेंककर महिला पर्स लूट लिया। घटना के बाद साथ मौजूद भतीजे ने गांव के लोगों को फोन से इसकी सूचना दी।
इसके बाद लोगों ने घेरकर दो बदमाशों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए आरोपी महुली और कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं। इनके पास से एक तमंचा भी मिला है। परसपुर गांव निवासी राकेश देेवी पत्नी अनिल चौधरी मंगलवार को भतीजे मनीष के साथ बाइक से खलीलाबाद गईं थीं। जहां एटीएम से उन्हाेंने 7000 रुपये निकाले और फिर खलीलाबाद के एक विद्यालय में बच्चों की फीस जमा करके बाइक से लौट रहीं थीं।
अभी वे लोग दुल्हीपार और परसपुर गांव के बीच कठिनईया पुल के निकट पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने मिर्च पाउडर फेंक दिया। जिससे दोनों के आंखों में जलन होने लगी। इसी बीच बदमाश पर्स लूटकर भाग निकले। वहीं मनीष ने मोबाइल से गांव मेंे इसकी सूचना दी। इस दौरान परसरपुर गांव के बागीचे में कई लोग पहले से मौजूद थे। उसी दिशा में भाग रहे बदमाशों को गांव वालों ने घेरकर पकड़ लिया और बाद में पहुंची पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
पीड़ित राकेश देवी के देवर वीरेंद्र चौधरी ने बताया कि जो पर्स बदमाशों ने लूटा था, उसमें 1150 रुपये थे। संयोग से बदमाश परसपुर गांव की तरफ ही भागे और भतीजे का दिमाग काम किया और उसने फोन पर तत्काल गांव के लोगों को सूचना दे दी। जिससे गांव वाले सक्रिय हो गए और दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। महिला ने कोतवाली में तहरीर दे दी है। कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि पर्स लूटने के मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।