मिश्रिख के कस्बा नैमिषारण्य में दबंगों ने दुकान पर कब्जे के विवाद में एक परिवार पर हमला बोल दिया। हमले में दो भाइयों समेत उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं पिसावां में भी एक परिवार पर दबंगों ने हमला बोल दिया।
इससे गृहस्वामी व उसके घर आया बहनोई घायल हो गया। पीड़ितों ने संबंधित कोतवाली व थाने में तहरीरें दी हैं। घायलों में चार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नैमिषारण्य निवासी गौतम दीक्षित (30) ने घर के निकट ही मिठाई की दुकान खोल रखी है।
सोमवार शाम कस्बे के लल्लन से दुकान पर कब्जे को लेकर गौतम दीक्षित का विवाद हो गया। बात बढ़ने पर अनुज पक्ष से करीब छह लोग लाठी डंडे व धारदार हथियार के साथ वहां पहुंच गए। लल्लन ने गौतम दीक्षित पर हमला बोल दिया। चीख सुनते ही उसकी मां मंजू देवी (62) व भाई अमृत लाल (32) घर से निकल आए और उसे बचाने का प्रयास करने लगे।
इस पर हमलावर मां व भाई पर भी टूट पड़े। शोर सुन मौके पर पहुंचे नागरिकों ने हस्तक्षेप कर मां व बेटों को बचाया लेकिन तब तक तीनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। नागरिकों ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हमलावरों ने गौतम की मिठाई की दुकान भी तहस-नहस कर डाली।
इस संबंध में घायल गौतम दीक्षित ने नैमिषारण्य निवासी लल्लन, मनोज, संजय, गुड्डी, लालबाबू, जय प्रकाश आदि खिलाफ मिश्रिख कोतवाली में तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक योगेश शाह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
उधर, महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चैनूपुरवा निवासी राकेश (35) मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए अपनी ससुराल पिसावां थाना क्षेत्र के हरनी निवासी सरोज के घर गया था। बताया जाता है कि यहां पर रंजिश के चलते सरोज का गांव के ही लल्लू से विवाद हो गया। लल्लू पक्ष स कई अन्य लोग वहां पर पहुंचे और सरोज पर हमला कर दिया।
राकेश हस्तक्षेप करने लगा तो लल्लू पक्ष ने धारदार हथियार से राकेश पर भी हमला बोल दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह विवाद शांत कराया लेकिन तब तक सरोज व राकेश घायल हो चुके थे। पिसावां सीएचसी से राकेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल पक्ष ने इस संबंध में लल्लू आदि के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष श्यामजी यादव ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।