पुलिस अभिरक्षा से भागा वाहन चोर।
- फोटो : AmarUjala
कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा से सोमवार को एक वाहन चोर फरार हो गया। पुलिस वाहन चोर को पूछताछ करने के लिए कोतवाली लाई थी। वाहन चोर के फरार होने की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस वाहन चोर की तलाश में सरगर्मी से जुट गई है।
बतादें कि सर्विलांस और कोतवाली पुलिस की संयुुक्त टीम ने रविवार को अंतर्राष्टीय वाहन चोर के छह सदस्यों को बघौली के पास से चार बाइकों के साथ गिरफ्तार किया था। पकडे़ गए वाहन चोरों में दो नेपाल, दो महराजगंज और एक बस्ती तथा एक फैजाबाद जनपद के रहने वाले थे। पूछताछ के बाद पकड़े गए वाहन चोरों को पुलिस ने जेल भेज दिया था। सूत्रों की माने तो पकड़े गए वाहन चोरों ने गैंग में शामिल कुछ और सदस्यों के नाम बताए थे। जिसके बाद पुलिस कुशीनगर जनपद के रहने वाले एक अन्य वाहन चोर को पूछताछ के लिए कोतवाली लाई थी। सोमवार की सुबह खाना खाने के बाद वाहन चोर हाथ धोने के बहाने पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। वाहन चोर के फरार होने की सूचना पर पुलिस कर्मियों के हाथ पाव फूल गए और फरार वाहन चोर की तलाश में जुट गए। इस घटना को लेकर पूरे दिन शहर में चर्चा होती रही। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।