संतकबीरनगर। मंगलवार को बनकटिया मोड़ के पास से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने डेढ़ माह पूर्व हाड़ापार गांव के पास प्राइवेट बिजली मिस्त्री की पिटाई कर हुई लूट की घटना के पर्दाफाश का दावा किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने लूटी गई बाइक, मोबाइल, 2200 नकद, तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। एसपी ने पुलिस टीम को 5000 रुपये नकद पुरस्कार दिया।
एसपी हेमराज मीणा और एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि नौ जनवरी की रात हाड़ापार गांव के सीवान में बिजली मिस्त्री आकाश शर्मा की पिटाई कर बदमाशों ने उसकी बाइक, 6000 रुपये और मोबाइल लूट लिया था।
लूट का केस दर्ज कर तफ्तीश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह सहयोगियों के साथ बनकटिया मोड़ के पास चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों की पहचान अनुपम वर्मा निवासी गिरधरपुर, धीरज राय निवासी बाहिलपार, आवेश सिंह निवासी बड़गो और निहाल राय निवासी रसहरा कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई।
पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से हाड़ापार के पास से बिजली मिस्त्री से लूटी गई बाइक, मोबाइल, 2200 रुपये, 315 बोर का तमंचा कारतूस, चाकू और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। बदमाशों ने बताया कि चारों ने मिल कर ही बिजली मिस्त्री आकाश कुमार शर्मा को लूटा था। लूट की बाइक का नंबर बदलकर प्रयोग कर रहे थे।
इस गैंग का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। पहली दफा ही लूट की घटना को ही अंजाम दिए थे और पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस टीम में एसआई वीरेंद्र यादव, एसआई धर्मेंद्र तिवारी, सर्विलांस टीम प्रभारी प्रदीप सिंह, एसआई रत्नेश तिवारी, हेडकांस्टेबल अनिरुद्ध राय, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव, संदीप सिंह, अभय उपाध्याय और जमीर शामिल रहे।