संतकबीरनगर। स्वाट एवं मेंहदावल की संयुक्त पुलिस टीम ने गुरुवार को रोडवेज तिराहे के पास से तीन चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवकों के पास से चोरी के मोबाइल, लैपटॉप, एलईडी और नकदी आदि बरामद की गई। पूछताछ में चोरों ने क्षेत्र के नौलखा कुटी के पास स्थित मोबाइल की दुकान में हुई चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप सिंह और एसआई राजाराम यादव ने सूचना के आधार पर मेंहदावल रोडवेज तिराहे के पास से तीन चोरों को पकडा । पूछताछ में पकड़े गए चोरों की पहचान सोनू यादव निवासी जेवेनिया थाना कैम्यिरगंज गोरखपुर और उपेंद्र मौर्या निवासी टोटहा थाना धर्मसिंहवा व दिवाकर यादव निवासी सोहरवलिया थाना मेंहदावल के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान सोनू यादव के पास से चोरी की चार मोबाइल,700 रुपये, लैपटॉप,दो एलईडी टीवी व एक ट्राली बैग बरामद हुआ। जबकि आरोपी उपेंद्र मौर्या के कब्जे से दो चोरी की मोबाइल, 400 नकदी, लैपटॉप,बैग और आरोपी दिवाकर यादव के पास से मोबाइल और 200 नकदी मिला।
पूछताछ में आरोपी सोनू यादव ने बताया कि उसने साथी दिवाकर और कैम्यिरगंज क्षेत्र के छितही गांव निवासी विकास यादव के साथ मिलकर 27 मार्च को नौलखा कुटी के पास स्थित मोबाइल की दुकान में चोरी किया था। बरामद लैपटॉप व सात मोबाइल उसकी दुकान से चुराए थे। जबकि दो अदद एलईडी टीवी पनियरा महराजगंज से एक दुकान से चुराया था।
जबकि एक लैपटॉप गोरखपुर में ट्रेन से एक व्यक्ति का चोरी किया था। साथी उपेंद्र मौर्या चोरी के सामान को खपाने में भरपूर सहयोग करते थे। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चोरों के जरिए कुछ और अहम सुराग हाथ लगे है। जिस पर पुलिस काम कर ही है। पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया। जबकि फरार आरोपी विकास यादव की तलाश पुलिस कर रही है।
एसपी ने पुलिस टीम में शामिल स्वाट टीम प्रभारी प्रदीप सिंह,एसआई राजाराम यादव, एसआई शोएब अहमद, कांसटेबल मुनीर अहमद, महेंद्र यादव, ऋषिवेद तिवारी, शनि यादव, दीपक यादव, अभिषेक सिंह, राम बहादुर यादव,सियाराम, रामशंकर प्रसाद और राम अचल प्रसाद को शाबासी दी। एसपी ने पुलिस टीम को 5000 रुपये का पुरस्कार भी दिया।