बाघनगर। दुधारा क्षेत्र के बीएमसिटी मार्ग स्थित पैड़ी चौराहे पर तेज रफ्तार डीसीएम ने अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी सवारी बस और सामने से आ रही एक कार में टक्कर मार दी। संयोग ही था कि बस और कार में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। डीसीएम के ड्राईवर ने किसी तरह गाड़ी रोककर अपनी जान बचाई।
गुरुवार शाम करीब पांच बजे नंदौर से बस्ती जाने वाली सवारी बस पैड़ी चौराहे पर खड़ी होकर सवारी उतार रही थी। नरायनुपर से मवेशियों से लदी डीसीएम बस्ती की ओर जा रही थी। पैड़ी पर चौराहे पर डीसीएम अचानक अनियंत्रित हो गई।
उसने सामने से आ रही कार में टक्कर मारने के बाद दूसरी तरफ खड़ी सवारी बस में टक्कर मार दी। बस में टक्कर के बाद सवारियों में अफरातफरी मच गई। डीसीएम को ड्राइवर ने किसी तरह रोका। फिरोजाबाद निवासी डीसीएम चालक ऋषि ने बताया कि अचानक ब्रेक किट फट जाने से हादसा हुआ। बस ड्राइवर नंदौर निवासी अब्दुल हकीम ने बताया कि वह बस किनारे खड़ी कर सवारी उतार रहा था तभी साइड से डीसीएम ने तेज टक्कर मारी।
इलाके के दरोगा चंद्रभान सिंह ने बताया कि तीनों वाहनों के स्वामियों के बीच सुलह-समझौते की बात चल रही है। डीसीएम कब्जे में ले लिया गया है। सुलह-समझौते पर बात नहीं बनी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस हादसे के बाद पैड़ी चौराहे पर जुटे ग्राम प्रधान जुनैद अहमद, अब्दुल बारी, शहबाज अहमद, नरेश आदि ने बताया कि खासतौर पर गुरुवार और रविवार को नरायनुपर से मवेशी लदे वाहन बहुत तेज रफ्तार से चलते हैं। चौराहों पर ब्रेकर बनाया जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की जाए।