बच्चेे की माैत के बाद विलाप करते घ्ारवाले।
- फोटो : अमर उजाला
महुली क्षेत्र में रविवार को दो घटनाओं में दो बच्चे नहर में डूब गए। इसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है।
नागपंचमी के अवसर पर टुंगपार निवासी श्याम सिंह का पुत्र शिवम सिंह(11) अपने भाई सत्यम(15) और कुछ अन्य बच्चों के साथ गांव के पास स्थित मुखलिसपुर पंप कैनाल से निकली नहर पर गुड़िया विसर्जन के लिए गया था। शिवम अपने दोस्तों के साथ नहर के किनारे पहुंचा ही था कि उसी दौरान पैर फिसल जाने से वह नहर में गिर गया। साथ गए बच्चों के शोर मचाने पर कुछ देर बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी जब शिवम का कुछ पता नही चला तो गांव के लोग जाल डालकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। घर के लोग उसे लेकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना थाना क्षेत्र के गिठिनी में हुई। गिठिनी निवासी रमेश कुमार मौर्य का 10 वर्षीय पुत्र सर्वेश मौर्य रविवार अपने दोस्तों के साथ नहर के किनारे घूमने गया था। पैर फिसल जाने से वह भी नहर में गिरकर डूब गया। साथ गए अन्य बच्चों ने गांव वालों को जानकारी दी मौके पर भीड़ जुट गई। गांव के लोगों ने नहर से सर्वेश को बाहर निकाला। घायलावस्था में परिजन किशोर को पहले जिला अस्पताल ले गए,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना से पीड़ित परिवार दुखी थे।