हादसे की जानकारी के बाद जिला अस्पताल पहुंचे छात्रा के घर वाले
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र के बघौली गांव के पास मंगलवार को एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए। घटना से पीड़ित परिजनों गमगीन थे। खबर पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
क्षेत्र के ही एकमा गांव निवासी बेचन की बड़ी पुत्री शालू (16) 11 वीं कक्षा में पढ़ती थी। चार महीने पहले वह अपने फूफा पवन पुत्र पूर्णमासी के घर बघौली गांव में आई थी। मंगलवार की सुबह जरूरी कार्य से सड़क की तरफ गई थी। वापस घर लौटते समय विपरीत दिशा से तेज गति से गुजरे ट्रैक्टर ने उसे अपने चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए। लोग घायल छात्रा को एबुंलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां देखते ही चिकित्सकों ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर फूफा के घर बघौली और छात्रा के गांव एकमा में कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए।
पीड़ित मां इंद्रावती, फूफा पवन व निरंजन, पूर्ण मासी, जोखनी देवी का रो- रो कर बुरा हाल था। लोगों ने बताया कि छात्रा के पिता बेचन घर की रोजगार के सिलसिले में छह माह पहले सऊदी अरब गए है। छात्रा शालू सात बहनों में बड़ी थी। उसके पास कोई भाई न होने और माता -पिता की बड़ी बेटी होने की वजह सभी की दुलारी थी। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आई छात्रा की मौत की सूचना पर पुलिस कर्मी मौके पर गए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।