पति के जेल में बंद होने की खबर देकर की ठगी
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। विदेश में नौकरी करने गए पति के जेल बंद होने की खबर देकर एक ठग ने पौली निवासी महिला को बुधवार के दोपहर ठगी का शिकार बना लिया। उसने महिला से 15 हजार नकद और जेवर लेकर फरार हो गया। ठगी की शिकार महिला धनघटा में बकौली के पास बैठ कर रोने लगी। यह भीड़ जुट गई।
पौली गांव के जिनवापुर निवासी नीलम पत्नी अजय का कहना है कि बुधवार दोपहर एक युवक बाइक से उसके घर पहुंचा। अपने को सऊदी अरब से आया हुआ बताकर कहा कि आपके पति इस समय जेल में बंद हैं। यह सुनते ही महिला रोने लगी। युवक ने उसे ढांढ़स बंधाते हुए मदद करने का भरोसा दिया। उसने कहा कि अजय ने हाल ही में 19906 रुपये भेजे हैं। इसमें से 15 हजार रुपये अजय के पिता के पास है। पीड़िता का कहना है कि यह बात सही थी जिस पर उस युवक पर भरोसा होता चला गया। युवक ने कहा कि 15 हजार और 10 हजार रुपये कहीं से व्यवस्था करके दे दीजिए, ताकि पति को बचाया जा सके।
महिला का कहना है कि 15 हजार नकद तथा जेवर गिरवी रखने के लिए उस युवक के साथ बाइक पर बैठकर धनघटा के लिए निकली। जब बकौली गांव के पास पहुंची तो युवक बाइक ने उतार दिया और थोड़ी देर में आने की बात कह चला गया। काफी देर तक इंतजार के बाद जब युवक नहीं लौटा तो महिला को धोखाधड़ी का आभास हुआ और वह रोने लगी। महिला का कहना है कि युवक अपना नाम बबलू निवासी कलवारी जिला बस्ती का बताया था। धनघटा एसओ मनोज कुमार त्रिपाठी का कहना है कि इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर जांच व कार्रवाई होगी।