मेंहदावल और बखिरा पुलिस ने दो स्थानों से चोरी की छह बाइक के साथ तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए चोर दो गिरोहों से ताल्लुक रखते हैं। एसपी हेमराज मीणा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि एसओ मेंहदावल संतोष तिवारी ने गुरुवार देरशाम अपने सहयोगियों की मदद से बढ़या ठाठर के पास से चोरी की एक बाइक के साथ युवक को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान राजेश उर्फ छोटू पुत्र काशी निषाद निवासी नागुपुरवा बढ़या ठाठर थाना मेंहदावल के हुई। राजेश ने बताया कि यह बाइक उसने अपने साथी गुलाब साहनी निवासी इनरजोत मैनहवा थाना कुल्हुई जनपद महराजगंज के साथ मिलकर 17 मई को मेंहदावल के एसबीआई की शाखा के पास से चुराई थी।
गुलाब के साथ ही मिलकर उसने 11 मई को गोरखपुर के कैंपियरगंज के बेलौहा रिंगाली और 19 मई को सिक्टौर बाजार, मानीराम गोरखपुर भी एक बाइक चुराई थी। उसकी निशानदेही पर दोनों बाइक बरामद कर ली गईं। उसने बताया कि उसका गैंग बाइक चोरी करता है और फिर नेपाल ले जाकर बेंच देता है।
वहीं एसओ बखिरा रामभवन यादव और स्वाट टीम प्रभारी राजकुमार यादव की टीम ने शुक्रवार को सूचना के आधार पर क्षेत्र के रमवापुर स्कूल के पीछे से चोरी की तीन बाइक के साथ दो चोरों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान महेश कुमार साहनी पुत्र बिहारी साहनी निवासी बगही थाना पीपीगंज (गोरखपुर) और कुलदीप मौर्या पुत्र गंगाराम मौर्या निवासी बहरामपुर यादव टोला, थाना पनियरा (महराजगंज) के रूप में हुई। बरामद बाइकों को मानीराम रेलवे स्टेशन, चिलुआताल क्षेत्र के रामपुरचक में एक बारात से और पीपीगंज बाजार से चुुराईं गईं हैं। एसपी ने बताया दोनों पुलिस टीमों को 1500-1500 रुपये का पुरस्कार दिया गया।