चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम ने शुक्रवार को वाहनों का शीशा तोड़कर सामान चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से काफी संख्या में चोरी के सामान बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया।
एसपी आकाश तोमर ने बताया कि चार पहिया का शीशा और दोपहिया वाहनों की डिकी का लॉक तोड़कर चोरी की घटनाओं के पर्दाफाश के लिए सीओ सदर रमेश कुमार के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम को लगाया गया था। मुुखबिर की सूचना पर डीघा बाईपास से कोतवाल कुशलपाल सिंह और स्वॉट टीम प्रभारी करुणाकर पांडेय ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान दिनेश परमेश नायडू, गोविंदा परमेश नायडू निवासी देवलफल्ली थाना नवापूर जनपद नंदुरवार महाराष्ट्र, हाल पता कस्बा सहजनवां तहसील रोड गोरखपुर और कुलगम्मा नायडू पत्नी स्वर्गीय परमेश नारायण नायडू उर्फ परमशिवा पता देवलफल्ली थाना नवापूर जनपद नंदुरवार महाराष्ट्र के रूप में हुई। उनके पास से लैपटॉप, बैग, मोबाइल, चार्जर समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। तीनों ने पूछताछ में बताया कि उनका गिरोह मूलत: दक्षिण भारतीय है। इस गिरोह में करीब 15-20 सदस्य हैं तथा वर्तमान में इनके दो ठिकानों (सहजनवां व फैजाबाद ) का पता चला है। इस गिरोह की महिला सदस्य एवं छोटे बच्चे मुख्य बाजार तथा बैंकों के आसपास भीख मांगते हुए ऐसे वाहनों की रेकी करते हैं जिसमें कोई कीमती सामान अथवा रुपये हों तथा वाहनों को चिह्नित कर दूसरे सदस्यों को बताते हैं, जो वाहनों के शीशे को तोड़कर उसमे रखे रुपये, बैग अथवा कीमती सामान चुरा लेते हैं।