कोतवाली क्षेत्र के दलेलगंज गांव में शुक्रवार को एक युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों की मदद से फाटक तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया।
दलेलगंज निवासी महेंद्र(32) पुत्र संपत का शव कमरे में छत की कुंडी से लटका मिला। खिड़की के रास्ते कुंडी से लटकते शव को देख कर घर के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जुट गए। खबर पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लोगों की मदद से पुलिस ने फाटक तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया। कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज सुरपति तिवारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि महेंद्र अपने मां- बाप से अलग रहता था। वह शराब पीने का शौकीन था। महेंद्र के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं।
पति- पत्नी में अक्सर अनबन रहती थी। एक दिन पहले ही मृतक की पत्नी अपने मायके चली गई थी। महेंद्र भी कुछ दिन पहले मुंबई जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते से वापस लौट आया था। घटना की वजह को लेकर गांव के लोग तमाम तरह की बातें कर रहे हैं। मौत की कारणों का पता लगाया जा रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इधर पीड़ित मां और अन्य परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल था।