बुधवार रात सांडे गांव के समीप एक ट्रक घलान पुल के डिवाइडर को तोड़ते हुए गड्ढे में गिर गया
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल के बीएमसिटी मार्ग पर बुधवार रात सांडे गांव के समीप एक ट्रक घलान पुल के डिवाइडर को तोड़ते हुए गड्ढे में गिर गया। इस हादसे में चालक की मौत हो गई। इस हादसे तीन लोग घायल हो गए। इसमें गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों पहले सीएचसी भेजा गया, यहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने क्रेन की सहायता से गड्ढे ट्रक निकलवाकर ट्रक में फंसे चालक के शव को कब्जे में लिया।
महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के एकमा निवासी ट्रक चालक सुग्रीव (26)पुत्र लक्ष्मण यादव आलू प्याज लादने कानपुर जा रहा था। इसमें नौतनवां निवासी अखिलेश पुत्र जयपाल शाह, दुर्गेश यादव पुत्र शंभू निवासी गनेशपुर थाना फरेंदा और ट्रक मालिक के दामाद एडवोकेट राजेंद्र गुप्ता पुत्र भोलानाथ गुप्त निवासी बहराइच सवार थे। अभी ये लोग बुधवार रात मेंहदावल क्षेत्र के बस्ती-मेंहदावल-तमकुही राजमार्ग स्थित सांडे कला गांव के घलान पुल पर पहुंचे ही थे कि चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पुल के डिवाइडर से टकराते हुए 20 फिट गहरे गड्ढे में गिर गया।
इस हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग जुटे। पुलिस को भी सूचना दी गई। एंबुलेंस से तीनों घायलों को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया गया। चौकी इंचार्ज बनकसिया मोतीचंद ने क्रेन मंगाकर करीब तीन घंटे ट्रक को गड्ढे से बाहर निकलवाया।
इसके बाद ही चालक का शव बाहर निकाला जा सका। वहीं गंभीर रूप से घायल अखिलेश और दुर्गेश यादव को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि मृतक चालक और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इसके अलावा महराजगंज के निवासी ट्रक मालिक को भी खबर कर दी गई है।