नगर पंचायत मेंहदावल के नायकटोला के रहने वाले एक छात्र का शनिवार की शाम को अपहरण हो गया था। देर शाम तक छात्र का पता नहीं चलने पर परिजनों को पुलिस को सूचना दी। घटना के दस घंटे बाद रविवार की भोर में अपहरणकर्ता चार पहिया गाड़ी से लाकर अर्द्धनग्न हालत में छात्र को मेंहदावल बस स्टैंड के पास छोड़ कर भाग गए। खबर पर परिजन छात्र को घर लाए। परिजनों को समझ में नहीं आ रहा है कि अपहरणकर्ता कौन थे और आखिर छात्र को क्यों उठा कर ले गए थे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
नायक टोला निवासी सतेंद्र पांडेय का 15 वर्षीय पुत्र संदीप रोज की भांति शनिवार को साइकिल से जगद्गुरू शंकराचार्य इंटर कॉलेज के प्रांगण में दौड़ने का अभ्यास करने गया था। शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो परिजन ढूंढने लगे और कहीं पता नहीं चलने पर मेंहदावल पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी। रात भर परिजन खलीलाबाद - गोरखपुर आदि स्थानों पर काफी खोजबीन की। रविवार की भोर में चार पहिया वाहन से अर्द्धनग्न अवस्था में छात्र को मेंहदावल बस स्टैंड के पास छोड़ कर अपहरणकर्ता फरार हो गए। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और डरे सहमे किशोर को अपने साथ घर ले गए।
लालजी पांडेय ने बताया कि उसका पोता संदीप कक्षा नौ में पढ़ता है। डरा सहमा पोता ने बताया कि जगद्गुरू शंकराचार्य इंटर कॉलेज की फील्ड में दौड़ कर घर वापस आते समय रास्ते में एक चार पहिया वाहन पर सवार कुछ लोगों ने उसे उठा लिया था। मारापीटा भी है और सिर्फ कच्छी पर उसे छोड़ दिया था। एक समाचार पत्र वितरक ने पोते के वहां दहशत में होने की सूचना दी। उसके बाद पोते को घर लाकर पूछताछ किया गया तो उसने घटना के बारे में जानकारी दी। घटना से परिजन सहमे हुए है और घटना की वजह बता पाने में असमर्थ दिखे। चर्चा है कि आखिर इस छात्र को अपहृत करने के बाद क्यों छोड़ा गया। अगर यह छात्र गलत फहमी में उठाया गया तो उन अपहरणकर्ताओं का असली शिकार कौन था ।
थानाध्यक्ष मेंहदावल सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। अपहृत युवक की साइकिल और मोबाइल तथा कपड़े गायब है। जबकि जूता मेहदावल बखिरा रोड के तुलसीपुर के समीप मिलना बताया गया है। युवक से पूछताछ कर पुलिस मामले की तह तक पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी ।