हैंसर। धनघटा क्षेत्र के परसहर गांव में बुधवार की रात गांव के लोगों ने चोर होने के शक में एक युवक को बिजली के खंभे से बांधकर पीटा।
सूचना पर पहुंची पुलिस युवक को अपने साथ चौकी ले आई और गांव के लोगों को समझाकर शांत कराया। गांव के लोगों का आरोप है कि युवक एक व्यक्ति के घर के बरामदे में पहुंच गया था।
जानकारी के अनुसार परसहर गांव में के एक व्यक्ति के घर के बरामदे में बुधवार देर रात करीब एक बजे युवक घुस रहा था। उसी दौरान पड़ोस का एक युवक ने उसे देखकर शोर मचाया।
फिर क्या था शोर सुनकर आसपास के लोग और गांव के तमाम लोग जब तक पहुंचे तब तक वह भागने लगा। गांव के लोगों ने दौड़ा कर कुछ दूर आगे युवक को पकड़ लिया गया।
गांव के लोग जब उससे नाम पता पूछने लगे वह साफ-साफ नही बता रहा था।इससे नाराज लोग उसे चोर समझ कर मारने पीटने लगे। बाद में उसे बिजली के खंभे में बांध दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बांधने के बाद भी उसकी पिटाई हुई। इसी बीच किसी ने पौली चौकी पर सूचना दे दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज विनोद कुमार फोर्स के साथ मौके पर रात में पहुंच गए।
उन्होंने गांव वालों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी युवक से पूछताछ हो रही है।
युवक बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव का रहने वाला बता रहा है। मामले की जांच पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील किया है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो उसकी सूचना पुलिस को दें, मारें पीटें नहीं। वहीं सूत्रों के मुताबिक आरोपी को पूछताछ के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को छोड़ दिया।