चार दिन पूर्व कोतवाली क्षेत्र के भुवरिया के पास गन्ने के खेत में अर्द्धनग्न हालत में एक अज्ञात युवती की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की हत्या गला दबाकर हत्या की बात सामने आयी है।
पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या कर शव छुपाने की कोशिश के आरोप में केस दर्ज किया है।
शनिवार को भुवरिया-पायलपार मार्ग पर सड़क के किनारे गन्ने के खेत में एक अज्ञात युवती की लाश अर्द्धनग्न अवस्था में मिली थी।
आसपास के लोगों ने शव देखकर पुलिस को शव मिलने की जानकारी दी। पुलिस ने शव कब्जे में लिया। शव की पहचान नहीं हो पाने की वजह से नियमानुसार 72 घंटे तक शव को पुलिस ने सुरक्षित रखवाया था।
प्रभारी कोतवाल दिनेश यादव ने बताया कि पहचान नहीं हो पाने की दशा में मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से युवती की हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
चौकीदार की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। शव की पहचान कराए जाने की पूरी कोशिश की जा रही है।
जैसे ही शव की पहचान हो जाएगी, वैसे ही हत्या का मोटिव तलाश कर खुलासा कर दिया जाएगा। घटना के तौर तरीकों पर ध्यान केंद्रित करके पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।