Schoolgirl's death in the grip of her own school bus
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल (संतकबीरनगर)। अपने ही स्कूल बस की चपेट में आने से छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर भाग निकला। हादसा बीमापार-बौरव्यास मार्ग स्थित खजुराकलां के पास बुधवार सुबह हुआ। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के खजुराकलां निवासी ईश्वर लाल दूबे की छह वर्षीय पोती समीक्षा पार्वती पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल में एलकेजी की छात्रा थी। वह विद्यालय के वाहन से स्कूल आती-जाती थी। बुधवार को उसके बाबा वाहन तक छोड़ने गए थे। छात्रा बस पर सवार होने के लिए एक पैर रख ही रही थी कि चालक ने गाड़ी बढ़ा दी। छात्रा बस के नीचे आ गई। ईश्वर लाल दूबे ने बताया कि चालक की लापरवाही से मासूम पोती की मौत हुई हैं। घटना के बाद चालक बस लेकर भाग गया। घायल मासूम को लेकर लोग सीएचसी पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में एसओ मनोज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने तहरीर दी है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।