ख्ालीलाबाद के शिवापार चौराहे के पास मंगलवार की शाम को बाइक पर पीछे बैठी छात्रा का दुपट्टा पहिए में फंस जाने से नीचे गिरकर घायल हो गई। घायल छात्रा को लोग जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट क्षेत्र के रामनगर सूरस गांव निवासी 16 वर्षीय बबिता पुत्री गोबरी अपने बुआ के गांव कोतवाली क्षेत्र के बेलौली आई थी। मंगलवार को वह अपने फूफा स्वामी प्रसाद गुप्ता के साथ बाइक पर पीछे बैठ कर गांव रामनगर सूरस जा रही थी।
कोतवाली क्षेत्र के शिवापार के पास पहुंचते ही छात्रा का दुपट्टा बाइक की पिछले पहिए में फंस गया और वह झटके से सिर के बल नीचे गिर कर घायल हो गई। बाद में लोग उसे जिला अस्पताल लाए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कलेक्ट्रेट चौकी इंचार्ज अवधेश पांडेय ने बताया कि पीड़ित परिजनों के मुताबिक हादसे की शिकार हुई छात्रा बबिता कक्षा नौ में पढ़ती थी। बुआ के घर से अपने गांव लौटते समय पहिए में दुपट्टा फंस जाने से नीचे सिर के बल गिरी और उसकी मौत हो गई। सिर में लगी चोट और खून की उल्टी होने की वजह से डॉक्टर मौत की वजह हेडइंजरी होना बता रहे हैं।