हैंसर (संतकबीरनगर)। धनघटा थाना क्षेत्र की किशोरी को युवक ने कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ 24 दिन तक दुष्कर्म किया। बेटी की तलाश में जुटे परिजनों को बुधवार की शाम जैसे ही मामले की जानकारी हुई, उन्होंने डायल 100 को सूचना दी।
गांव वालों की मौजूदगी में पुलिस ने कमरे का ताला तोड़वाया और घर की तलाशी ली तो कोने में रोती-बिलखती किशोरी मिली। इस मामले में पीड़िता की मां ने थाने पर तहरीर दी है।
किशोरी की मां का आरोप है कि उसकी 15 वर्षीया पुत्री 18 मार्च की रात करीब आठ बजे गांव से बाहर गई थी। देर रात तक घर नहीं पहुंची तो उसकी तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। रिश्तेदारों के यहां भी पता लगाया पर कोई सुराग न लगा।
बुधवार की शाम करीब तीन बजे किसी तरह पता चला कि उसकी बेटी को गांव के ही युवक ने अपने घर में कैद कर रखा है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो आरोपी युवक घर पर मौजूद नहीं था। उसकी बहन घर में ताला बंद कर बाहर थी। पुलिस टीम ने गांव के लोगों के सामने ताला तोड़ा और घर में घुसी।
पीड़ित किशोरी ने बताया कि युवक शराब के नशे में उसके साथ रोजाना दुष्कर्म करता रहा। उसकी बहन उसका सहयोग करती रही। वह बार-बार किशोरी को धमकी देती थी कि इस बात को किसी से बताया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। किशोरी की मां ने बताया कि गुरुवार को थाने पर तहरीर दे दी है जबकि एसओ संतोष तिवारी ने तहरीर मिलने से इन्कार कर दिया। बताया कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलेगी, केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।