ख्ालीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी धनघटा क्षेत्र का निवासी है। बुधवार को पीड़िता को लेकर पिता कोतवाली पहुंचे और पूरा वाकया बताते हुए कार्रवाई के लिए तहरीर दी। किशोरी के पिता ने इस मामले में आरोपी युवक की बहन पर भी वारदात में मदद पहुंचाने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही वारदात में मदद करने के आरोप में युवक की बहन और एक अन्य युवक पर भी केस दर्ज किया गया है।
पीड़िता के पिता का आरोप है 13 फरवरी को दोपहर एक बजे के करीब उसकी 17 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। वह पास ही खंगले की ओर जा रही थी कि धनघटा क्षेत्र निवासी युवक जो अपनी बहन के यहां आया था उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। इस वारदात में युवक की बहन और एक अन्य युवक ने उसकी मदद की। बेटी के शोर मचाने पर कुछ लोग वहां पहुंच गए। इस दौरान मददगार युवक भाग निकला, लेकिन आरोपी को गांव के लोगों ने पकड़ लिया।
इसी बीच आरोपी युवक की बहन भी वहां पहुंची और भाई को निर्दोष बताने लगी। इस दौरान मौका पाकर आरोपी भाग निकला। उसे अंदेशा है कि उसकी बेटी के अकेले खंगले की तरफ जाने की जानकारी बहन ने ही अपने आरोपी भाई और उसके दोस्त को दी थी। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर युवक पर दुष्कर्म और महिला व दूसरे युवक पर वारदात में सहयोग करने का केस दर्ज किया गया है। महिला एसआई भाग्यवती पांडेय मामले की जांच पड़ताल कर रही है। महिला आरक्षी की देखरेख में किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है।