देवरिया की ओर जा रही ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेेस के एसी थ्री कोच में सोमवार रात व्यवसायी की पत्नी का पर्स चुराने वाले सिपाही को लोगों ने खलीलाबाद स्टेशन पर पीटा। इस बीच वहां पहुंची स्कार्ट को लोगों ने आरोपी सिपाही को सौंप दिया।
मंगलवार को पीड़ित व्यवसायी की तहरीर पर जीआरपी देवरिया ने सिपाही के खिलाफ चोरी की कोशिश का केस दर्ज कर लिया। वहीं मेडिकल रिपोर्ट के आधार सिपाही को थाने से ही जमानत दे दी गई। कानपुर के जनरलगंज निवासी सूत कारोबारी सुधीर कनौडिया सोमवार रात पत्नी कमलावती के ग्वालियर बरौनी एक्सप्रेस से अपनी ससुराल देवरिया जा रहे थे। एसी थ्री कोच की बी-1 बोगी की सीट संख्या 57,59 में उनका आरक्षण था। सोमवार रात करीब दो बजे ट्रेन खलीलाबाद पहुंची।
इस बीच पत्नी की नींद खुली और उनका पर्स गायब मिला। तभी उन्होंने देखा कि एक सिपाही दूसरी ओर खिड़की के पर्दे हटा रहा है। यह देख उस बर्थ पर लेटी महिला ने शोर मचा दिया। इसके बाद कोच के यात्री जुट गए और सिपाही को पीटने लगे। कुछ लोगों ने सिपाही का बैग चेक किया तो इसमें व्यवसायी की पत्नी का गायब पर्स मिला। इससे लोग आक्रोशित हो उठे। इसी बीच वहां पहुंची ट्रेन की स्कार्ट से केस दर्ज करने की बात कहने लगे। इस पर स्कार्ट ने सिपाही को हिरासत में ले लिया और देवरिया जीआरपी को मामला सौंप दिया।
इस संबंध में देवरिया जीआरपी के एसओ सुधीर सिंह ने बताया कि कानपुर निवासी व्यवसायी सुधीर कनौडिया ने तहरीर दी है। इस आधार पर बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाने में तैनात सिपाही मदन निषाद के खिलाफ चोरी के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। आरोपी मूलत: कुशीनगर जिले के कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के इंद्रसेनवा गांव का निवासी है।
पूूछताछ में सिपाही ने बताया कि चंगेरवा महोत्सव में उसकी ड्यूटी लगी थी । ड्यूटी के बाद वह घर जाने के लिए ट्रेन में सफर कर रहा था। उसे ब्रेन ट्यूमर है, इस कारण उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है।
एसओ ने बताया कि इस आधार पर आरोपी सिपाही को थाने से ही जमानत दे दी गई। घटना खलीलाबाद रेलवे स्टेशन की है। ऐसे में मुकदमे की विवेचना जीआरपी खलीलाबाद को सौंपी जा रही है। वहीं जीआरपी चौकी प्रभारी खलीलाबाद आर के पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पत्रावली आने के बाद ही कुछ बता पाएंगे।