महुली क्षेत्र के मैनसिर के पास बुधवार रात एक कार अनियंत्रित होकर पहले पुलिया से टकराई फिर गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में एलआईसी एजेंट विवेक मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे और पुलिस टीम भी पहुंची। 108 नंबर की एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां गंभीर हालत में चारों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके के बिछिया निवासी विवेक मिश्रा(38) पुत्र विजय मिश्रा, अजय (30) पुत्र बाबूराम सिंह, अमितेश (25) पुत्र बैजनाथ सिंह, संजय चौधरी (40) और आदित्य विक्रम सिंह (20) पुत्र राघवेन्द्र सिंह बारात में शामिल होने के लिए संतकबीरनगर जिले के महुली क्षेत्र के एक गांव में आए हुए थे। लौटने के दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर पहले मैनसिर पुलिया में फिर संतुलन बिगड़ जाने पर सड़क के किनारे गड्ढेे में जाकर पलट गई।
घटना स्थल पर ही विवेक मिश्रा ने दम तोड़ दिया। जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को महुली पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां घायलों की हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।