मंगलवार को बखिरा क्षेत्र के रमवापुर मिश्र गांव में बाइक से जुलूस निकाल कर प्रचार करने के आरोप में एक प्रधान पद के प्रत्याशी को पुलिस ने हिरासत में लिया।
इस मामले में प्रत्याशी समेत छह नामजद आैर 100 अज्ञात लोगों पर आचार संहिता उल्लंघन और निषेधाज्ञा उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
चर्चा है कि डीएम और एसपी ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान जुलूस देख कर गाड़ी रोकी और पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया था। इसके बाद पुलिस हरकत में आई।
एसओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि रमवापुर मिश्र गांव निवासी एवं प्रधान पद के प्रत्याशी चिंता मणि मिश्र काफी संख्या में अपने समर्थकों के साथ बाइक से जुलूस निकाल कर प्रचार कर रहे थे। जो आदर्श आचार संहिता और निषेधाज्ञा का खुला उल्लंघन है।
प्रधान के प्रत्याशी चिंतामणि मिश्र को हिरासत में लिया गया। इस मामले में प्रधान प्रत्याशी के अलावा रहम अली, धर्मेंद्र कुमार, मुख्तार अहमद, मुस्तफा, रमेश के अलावा 100 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ आचार संहिता और निषेधाज्ञा उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज कर किया।
केस दर्ज होने के बाद प्रधान प्रत्याशी को मुचलके पर छोड़ दिया गया। यदि क्षेत्र में कोई प्रत्याशी आचार संहिता और धारा 144 का उल्लंघन करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।