ललितपुर। नगर के कई क्षेत्रों में तहबाजारी और पार्किंग के नाम पर दबंगई से शुल्क वसूला जा रहा है। असामाजिक तत्व किसानों को परेशान कर रहे हैं। पिछले महीने इसी तरह की शिकायत एसडीएम से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।
सब्जी मंडी में तड़के से ही वसूली का खेल शुरू हो जाता है। स्थिति यह है कि इन किसानों से साइकिल खड़ी करने तक के पैसे वसूल किए जाते हैं। किसान यदि विरोध करते हैं तो उनकी पिटाई कर दी जाती है। नगर पालिका की पार्किंग के नाम पर सब्जी मंडी, गल्ला मंडी, रिलांयस पेट्रोल पंप के पास व मन्नू पेट्रोल पंप के पास वसूली की जाती है। यह लोग उन वाहनों से भी वसूली करते हैं, जो शहर से गुजर रहे होते हैं। चालक के विरोध करने पर उनके साथ अभद्रता की जाती है। नगरीय सीमा समाप्त होने के बाद भी मन्नू पेट्रोल के पास वसूली की जाती है, जबकि वसूली केवल उन्हीं स्थानों पर करने का नियम है, जहां पार्किंग स्थल नगर पालिका द्वारा चिह्नित किए गए हैं।
ठेकेदार बदलते हैं, गुर्गे नहीं
नगर पालिका की ओर से तहबाजारी व पार्किंग शुल्क उगाही के लिए हर वर्ष ठेका नीलाम किया जाता है। ऐसे में ठेकेदार तो बदल जाते हैं, लेकिन वसूली करने वाले गुर्गे नहीं बदलते हैं। लंबे समय से वसूली कर रहे इन लोगों के खिलाफ शिकायत होती है, लेकिन कोई कार्रवाई अमल में नहीं लायी जाती है।
इनका कहना है,
वसूली के नाम पर आम लोगों को परेशान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिकायत मिलने पर आरोपियों पर एक्शन लिया जाएगा। पुलिस को भी इन लोगों पर नजर रखने का निर्देश दिया जाएगा।
- प्रभाकर चौधरी
पुलिस अधीक्षक