धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली थाना क्षेत्र के घोरहीं गांव के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार टेंपो ने सामने से आ रही बाइक को ठोकर मार दिया। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर हुए इस हादसे में बाइक सवार पति पत्नी और दो मासूम बच्चे घायल हो गये। घायलों को सीएचसी नाथनगर में भर्ती कराया गया है। आरोपी टैंपो चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पिड़ारी निवासी राजीव पुत्र छोटेलाल सोमवार को खलीलाबाद स्थित अपनी ससुराल से बाइक पर पत्नी और दो मासूम बच्चों को लेकर घर आ रहे थे। घोरही गांव के पास खलीलाबाद की ओर जा रहे तेज रफ्तार टेंपो से बाइक में ठोकर लगी। इस हादसे में बाइक सवार राजीव कुमार (32), पत्नी रीमा (27) तथा छह वर्षीय अंशू और ढाई साल का पुत्र अंश भी घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी नाथनगर में भर्ती कराया गया।