धनघटा थाना क्षेत्र के आग बुझाते गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर। आग का कहर इन दिनाें सिर चढ़ कर बोल रहा है। आए दिन लोगों की मकान आैर खेत आग के आगोश में समा जा रहे हैं।
पौली ब्लाॅक के नरायनपुर गांव के सिवान में मंगलवार की सुबह लगी आग दियारा के 15 किलो मीटर की दूरी तय करते हुए हैंसर ब्लाक के खालेपुरवा में पहुंच कर 5 लोगों के रिहायसी मकान को जला डाला। आग बुझाने के प्रयास में एक व्यक्ति झुलस गया।
जिसे सीएचसी मलौली में भर्ती कराया गया है । खबर लिखे जाने तक आग दियारा में जल रही थी।
नरायनपुर गांव के दक्षिण किसी ने डंठल जला दिया। तेज पछुआं हवा ने आग को गति पहुंचा कर उसे दियारा में फैला दिया। आग बुझाने का प्रयास जारी रहा लेकिन खालेपुरवा गांव में आग को पहुंचने से नहीं रोका जा सका।
खालेपुरवा में आग की लपटों से खजांची, सुदामी, लक्ष्मण, सूरत, केस का रिहायसी मकान जलकर राख हो गया। आग बुझाने के प्रयास में गंगादीन झुलस गए।
जिन्हें सीएचसी मलौली में पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इसी तरह महुली के कोदवट, कोतवाली के बालूशासन में भी आग लगने की घटना हुई है।