जिला अस्पताल में गुरुवार को दवा करने गई ट्रैफिक पुलिस के एक दीवान की पत्नी ने अपने गले से सोने की चेन खींचने वाली आरोपी महिला को पकड़ कर पिटाई की। आरोपी महिला के हाथ से खींची गई अपनी सोने की चेन को भी कब्जे में ले लिया। घटना से अस्पताल परिसर में अफरा- तफरी का माहौल कायम हो गया। बाद में खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। दीवान की पत्नी ने महिला थाने तक आरोपी को पहुंचवाने में पुलिस कर्मियों की मदद भी की।
ट्रैफिक पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल नंदलाल पुलिस लाइन मेें स्थित सरकारी आवास में परिवार के साथ रहते है। घर में काम करते समय उनकी पत्नी सीनावती फिसल कर गिर गई थी। इसकी वजह से उन्हें चोट आ गई थी। दीवान की पत्नी सीनावती गुरुवार को जिला अस्पताल में उपचार करने गई थी। काउंटर पर पर्ची कटवाने के लिए वह कतार में लगी थी। उसी बीच एक महिला ने दीवान की पत्नी के गले से सोने की चेन खींच लिया तो उसने आरोपी महिला को पकड़ कर पीटना शुरू कर दिया।
घटना से अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा हो गया और काफी भीड़ जुट गई। बाद में सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दीवान की पत्नी ने बताया कि जैसे ही आरोपी महिला ने गले से चेन खींचा ,वैसे ही उसका हाथ पकड़ में आ गया। आरोपी महिला ने हाथ छुड़ाने की कोशिश की लेकिन नहीं छुड़ा पाई। महिला थाने तक आरोपी को पहुंचाने में पुलिस की मदद की। दीवान की पत्नी की दिलेरी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। जबकि आरोपी महिला ने बताया कि वह अपने बच्चे को दवा कराने लाई थी। पुलिस कर्मियों की पूछताछ में खुद को निर्दोष बताने में नहीं चूकी। महिला थाना एससओ हंजल अंसारी ने बताया कि आरोपी महिला दुधारा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।