मेंहदावल थाना क्षेत्र के परसा पांडेय गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले की जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मेंहदावल। क्षेत्र के परसा पांडेय में गुरुवार की रात संदिग्ध हाल में घायल हुए किशोर की उपचार के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को सूचना पर शव लेने पहुंची पुलिस को चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में परिजनों ने बाइक चलाते समय पुल से टकर जाने से घायल हुए किशोर की उपचार के दौरान मौत होने की जानकारी पुलिस को दी। परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परसा पांडेय गांव निवासी 17 वर्षीय मोहम्मद आरिफ पुत्र मुस्तकीम गुरुवार की रात घायलावस्था में सीएचसी मेंहदावल लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी रेफर होने के बाद परिजन गोरखपुर के निजी अस्पताल ले गए, जहां से बाद में लखनऊ ले जाते समय रास्ते में फैजाबाद के निकट उसकी मौत हो गई।
परिजन शव लेकर गांव पहुंचे तो किसी ने पुलिस को कंबाइन की चपेट में आने से मौत की सूचना दे दी। थानाध्यक्ष गौरव सिंह सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। आरिफ के भाई व परिवार के लोग पुल से बाइक टकरा जाने से घायल आरिफ की उपचार के दौरान मौत होना बता कर शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। बाद में सीओ हौसला प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए।
वैसे गांव में चर्चा है कि कंबाइन मशीन आरिफ के भाई की है। वह रात में परसा पांडेय व भैसामाफी के बीच सीवान में गेहूं काटते समय खाना पहुंचाने गया था। उसी दौरान कंबाइन की चपेट में आकर घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जबकि थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि कंबाइन मशीन की चपेट में आने से परसा पांडेय निवासी मोहम्मद आरिफ की मौत की सूचना मिली थी, लेकिन किशोर के परिजनों ने घटना से इंकार करते हुए बाइक दुर्घटना में उसके घायल होने व उपचार के दौरान मौत होने की जानकारी दी।
परिजन शव को पीएम कराने को देने के लिए तैयार नही थे और न ही कोई कार्रवाई चाहते थे। मृतक के बडे़ भाई ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है। उसी के आधार पर पंचनामा के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।