कोड़रा गांव निवासी किशोर की मौत पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
लोहरैया। बिजली के झूलते-लटकते तार की चपेट में आ जाने से क्षेत्र के कोड़रा गांव में गुरुवार को किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। गांव के लोग किशोर की मौत के लिए बिजली विभाग के अफसरों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि जमीन से काफी कम ऊंचाई पर लटक रहे बिजली के ढीले तार के संपर्क में आ जाने से किशोर की मौत हो गई। गांव वालों में बिजली विभाग के खिलाफ काफी रोष व्याप्त है।
कोड़रा गांव के लोगों का कहना हैं कि गांव के बगल से हाई वोल्टेज की सप्लाई गई है। तार काफी दिनों से ढीला होकर लटक रहा था। गुरुवार को दुर्गविजय का 13 वर्षीय बेटा नितिन गांव के कुछ लड़कों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते नितिन बिजली के तार के संपर्क में आ गया। उसे करंट का जोरदार झटका लग गया। मौके पर वह अचेत होकर गिर गया। साथ खेल रहे लड़कों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। घायल किशोर को सीएचसी मलौली ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर तहसीलदार प्रियंका चौधरी, एसओ संतोष कुमार तिवारी भी पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। ग्राम प्रधान के बेटे बृजेश यादव ने कहा कि बिजली का तार काफी दिनों से जमीन के नजदीक लटक रहा था। उसे ठीक करने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित रूप से कहा गया, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। बिजली विभाग की लापरवाही से गांव के होनहार किशोर की मौत हो गई। विद्युत विभाग के एक्सईएन संजय सिंह ने बताया कि ऐसी कोई सूचना उन्हें नहीं है। वैसे मामले का पता कराएंगे और यदि तार ढीला होगा तो उसे दुरुस्त कराएंगे।