युवक की गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी
सहारनपुर। शहर के शकलापुरी मार्ग पर युवक की गर्दन कटी लाश मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस मान रही है कि युवक की कहीं ओर हत्या कर शव को फेंका गया।
कोतवाली मंडी क्षेत्र में शकलापुरी मार्ग पर मोहल्ला श्यामनगर के पास बृहस्पतिवार की रात सवा नौ बजे क्षेत्र के लोगों ने सुनसान जगह पर एक 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा देेखा। मृतका की गर्दन कटी हुई थी और उसका सर अलग पड़ा था। घटना का पता लगते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। डायल 100 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल सकी। घटना दो थाना क्षेत्र से सटी होने के कारण देहात कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। सीओ इंदु सिद्धार्थ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलवाया गया। मृतक के दाहिने हाथ पर ऊं खुदा हुआ है। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।