लाख कोशिशों के बाद भी यूपी बोर्ड परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। सोमवार को पहली पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी, इस दौरान एक केंद्र पर दूसरे की जगह परीक्षा देते एक शख्स को पकड़ा गया। जबकि नकल के मामले में तीन परीक्षार्थी रस्टीकेट किए गए और एक केंद्र व्यवस्थापक को हटा दिया गया। वहीं सीडीओ ने एक केंद्र पर विषय से संबंधित मिले तीन कक्ष निरीक्षक को हटाने का निर्देश डीआईओएस को दिया है।
सुबह की पाली में मेंहदावल के ठाकुर दास इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक कक्ष का निरीक्षण कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें एक छात्र नकल सामग्री के साथ मिला उसे रस्टीकेट कर दिया गया। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने सीता देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घूरापाली का निरीक्षण किया। जहां पर एक छात्रा नकल सामग्री के साथ पकड़ी गई। उसे भी रस्टीकेट कर दिया। साथ ही यहां की केेंद्र व्यवस्थापक मनीषा को हटा दिया गया। उनकी जगह पर विद्यालय के ही अभय कुमार को केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। सचल दल प्रभारी निशा यादव की टीम ने रामनारायण पांडेय इंटर कॉलेज पुत्सर का निरीक्षण किया। जहां पर एक छात्रा नकल करते पकड़ी गई।
उसे रस्टीकेट कर दिया। सीडीओ लाल जी यादव ने सुबह की पाली में एवीएम इंटर कॉलेज खलीलाबाद का निरीक्षण किया। यहां विषय से संबंधित तीन कक्ष निरीक्षक मिले। जिन्हें तत्काल हटाने का निर्देश डीआईओएस को दिया गया। एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद के केंद्र व्यवस्थापक राम कुमार सिंह ने बताया कि सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। इस दौरान कमरा नंबर 23 में ललित नाम के एक व्यक्तिगत पंजीकृत परीक्षार्थी के स्थान पर फर्जी तरीके से आशुतोष नाम का एक परीक्षार्थी परीक्षा दे रहा था। संदेह होने पर पूछताछ की गई तो उसने अपनी गलती स्वीकार की। सूचना पर पहुंची पुलिस उक्त परीक्षार्थी को पकड़ कर कोतवाली ले गई। कोतवाली कमला यादव ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर आशुतोष के खिलाफ जालसाजी और सार्वजनिक परीक्षा अनुचित साधन निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। बाद में उसे थाने से ही उसे जमानत दे दी गई।