ख्ालीलाबाद के अंसार टोला के पास पल्सर सवार बदमाशों ने तमंचा सटा कर एक युवक से 90 हजार रुपये और कागजात रखा बैग लूट लिया। वारदात के बाद लुटेरे मेंहदावल बाईपास की तरफ भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई।
गोरखपुर के हरिओम नगर चौराहे पर हैवेल्स कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर और देवरिया जिले के मूल निवासी रवि आनंद जायसवाल की फर्म है। यहां गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के मठिया निवासी आलोक पांडेय अकाउंटेंट हैं। वे खलीलाबाद में व्यापािरयों से वसूली के लिए आए थे। उन्होंने खलीलाबाद स्थित एडिशन इलेक्ट्रिक की दुकान के मालिक से बकाया 90 हजार रुपये लिए और बैग में रखकर पैदल मेंहदावल बाईपास बस पकड़ने जा रहे थे। शाम पांच बजे के करीब मधुकुंज तिराहे से आगे अंसार टोला तक पहुंचे थे। उसी दौरान लाल रंग की पल्सर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचा सटा कर बदमाशों ने 90 हजार रुपये रखा बैग लूट लिया और मेंहदावल बाईपास की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने बताया कि वह शोर मचाते हुए मेंहदावल बाईपास पहुंचा और वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को घटना की सूचना दी।
इसके बाद कोतवाल कमला यादव और स्वाट टीम प्रभारी संतोष तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने पीड़ित से घटना के बारे में पूछताछ किया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों की संख्या तीन थी और वह लाल रंग की पल्सर से थे। बदमाशों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच रही होगी। एक बदमाश दोहरे बदन का और दो इकहरे बदन के थे। बैग में 90 हजार रुपये, हाईस्कूल ,इंटर और स्नातक का प्रमाण पत्र भी रखा था। लूटे गए रुपये 500 और 1000 रुपये के नोट थे। घटना की सूचना उसने अपनी मोबाइल से दुकान मालिक के पिता राकेश जायसवाल को भी दिया। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।