संतकबीरनगर। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर रूपिन गांव के समीप स्थित पेट्रोल के पास रविवार की सुबह तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार ईट भट्ठे के मुंशी की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन लेकर चालक फरार हो गया। मुंशी की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार, महुली क्षेत्र के अलीनगर तिनहरी गांव निवासी रामदरश (50) पुत्र राम गरीब क्षेत्र में स्थित भट्ठे पर मुंशी का कार्य करते थे। रविवार की भोर में वह साइकिल से सरयू नदी के बिड़हर घाट पर स्नान करने गए थे। लौटते समय रूपिन गांव के समीप पेट्रोल पंप के पास धनघटा की तरफ से गुजरे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया।
वह बुरी तरह से घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए। किसी ने उनके घर सूचना दे दी। सूचना के बाद घर के लोग मौके पर पहुंच गए। लोग 108 नंबर की एबुलेंस से पहले सीएचसी नाथनगर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही रामदरश की मौत हो गई।
डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रामदरश के पांच बेटे अमृतनाथ, संजय कुमार, वृजनंदन, बृजभान और रणजीत हैं। जबकि दो बेटियां रीना और राजकुमारी ही हैं। तीन बेटे और दो बेटियों की शादी हो गई है। जबकि छोटे बेटे बृजभान और रणजीत की शादी अभी नहीं हुई है। अमृतनाथ ने रोते हुए बताया कि यदि पता होता कि सरयू नहाने गए पिता हादसे का शिकार हो जाएंगे तो शायद उन्हें नहीं जाने देता। घटना से पत्नी शोभा देवी का रो-रो कर बुरा हाल था। परिवार और गांव के लोग गमगीन थे। पोस्टमार्टम हाउस पर तमाम लोग जुटे हुए थे।