महुली थाना क्षेत्र के नीबा होरिल गांव निवासी मृतक योगेन्द्र के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
धनघटा। नाथनगर-खलीलाबाद मार्ग पर बढ़या बाग के पास बुधवार को बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को बीच सड़क में ही छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
महुली क्षेत्र के नीबाहोरिल गांव निवासी योगेंद्र प्रसाद (35) पुत्र स्वर्गीय गाजर बुधवार को अपनी बहन को नाथनगर चौराहे पर बस में बैठाने बाइक से ले गए थे। घर लौते समय जैसे ही वह नाथनगर से उत्तर बढ़या बाग के पास पहुंचे, पीछे से बालू लदे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। वह बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद जब तक आसपास के लोग जुटे और उन्हें अस्पताल पहुंचाने की सोचते, तब तक उनकी मौत हो गई। उधर, हादसे के तुरंत बाद चालक बीच सड़क में ट्रक छोड़कर भाग गया। इससे धनघटा-खलीलाबाद मार्ग पर दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।
जाम की सूचना पर क्षेत्राधिकारी धनघटा अशोक कुमार मिश्र, इंस्पेक्टर धनघटा प्रदीप सिंह भी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर महुली एसपी गौतम ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।