हैंसर। क्षेत्र के सिरसी गांव के युवक ने शनिवार की रात गले में रस्सी का फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। उसी दौरान रस्सी टूट जाने से वह जमीन पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वाले आनन-फानन उसे सीएचसी मलौली ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में हालत में सुधार न होने से डॉक्टरों ने उसे फिर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। चर्चा है कि युवक ने पत्नी से नाराज होकर आत्मघाती कदम उठाया। गांव वालों ने बताया कि 26 वर्षीय राहुल पुत्र मुन्नीलाल शनिवार की सुबह से ही किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से नाराज था।
रात में करीब नौ बजे पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। उसके बाद राहुल दूूसरे कमरे में चला गया। परिवार के लोग समझे कि राहुल सोने गया होगा, इस कारण किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया। थोड़ी देर बाद जिस कमरे में राहुल सोने गया था। उसमें से तेजी के साथ किसी के गिरने की आवाज आई तो परिवार के लोग दौड़ कर पहुंचे।
वहां राहुल जमीन पर अचेत पड़ा था और उसके गले में रस्सी बंधी थी। रस्सी का टूटा हिस्सा छत की कुंडी में लटक रहा था। उसकी हालत देख घर वालों के पांव तले जमीन खिसक गई। लोग उसे तुरंत लेकर सीएचसी मलौली पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
वहां से भी रेफर किए जाने पर परिजन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराए। मेडिकल कॉलेज में उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इस घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है। एसओ प्रदीप सिंह ने इस तरह की किसी भी घटना की सूचना से इंकार किया।