धनघटा क्षेत्र के मुंडेरा शुक्ल-औटना मार्ग पर मचौली गांव के पास शुक्रवार को बदमाशों ने तमंचे की बट से प्रहार कर एक युवक की बाइक लूट ली और सिकरीगंज की तरफ भाग निकले। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घेरेबंदी करके बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश भाग निकले। बाद में एसपी भी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
क्षेत्र के खैराटी गांव निवासी 22 वर्षीय लालधारी यादव शुक्रवार की सुबह सिकरीगंज से नई पल्सर खरीद कर घर आए। दोपहर में अपने गांव के ही निवासी प्रदीप गौड़ के साथ उनके रिश्तेदार रामपुर गांव निवासी अनिल गौड़ के घर गए। उसके बाद प्रदीप और अनिल एक साथ अपनी नई बाइक पर सवार होकर प्रदीप के रिश्तेदार औटना निवासी दयाराम के घर जा रहे थे। अभी लोग मचौली गांव के समीप पहुंचे ही थे, तभी एक बाइक पर तीन लोग सवार होकर सामने से आ गए और उन्हें रोक लिए।
जब तक कुछ समझ पाते तब तक बदमाश उनके हाथ पर तमंचे की बट से मार दिए और गाड़ी की चाभी छीन ली। लालधारी ने बताया कि बदमाश उनकी बाइक लेकर सिकरीगंज की तरफ जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। घटना की सूचना थाने पर पहुंची तो मौके पर इंसपेक्टर ईश्वरचंद्र प्रधान मय फोर्स पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। बाद में एसपी विक्रमादित्य सचान और सीओ वीरेंद्र श्रीवास्तव भी पहुंचे और मामले की जानकारी ली। साथ जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया।