बाल विकास परियोजना कार्यालय मेंहदावल के नौदरी आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात कार्यकर्ता की मिलीभगत से पुष्टाहार बेचे जाने की जांच में पुष्टि हुई। डीएम के निर्देश के बाद सीडीपीओ ने बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत तीन लोगों पर मेंहदावल थाने में केस दर्ज कराया।
डीपीओ अरुण कुमार दूबे ने बताया कि सात अक्टूबर की रात नौदरी में दो बोरी पुष्टाहार ले जाते हुए लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ा था। सूचना पर उसी दौरान सीडीपीओ दीनानाथ दूबे भी पहुंच गए थे। मामला संज्ञान में आया तो उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर आख्या दिए जाने का निर्देश सीडीपीओ को दिया था। सीडीपीओ दीनानाथ दूबे ने मामले की जांच की।
जिसमें पाया कि कार्यकर्ता मीना मिश्रा गांव के जोखन चौधरी के घर पर पुष्टाहार रखतीं थीं। जोखन चौधरी ने दो बोरी पुष्टाहार रामदास केवट के हाथ बेच दिया था। जिसे ले जाते वक्त लोगों ने पकड़ लिया था। जांच में पाया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत तीनों लोगों की मिलीभगत से पुष्टाहार बेचा और खरीदा गया था। मामले को डीएम के संज्ञान में लाया गया।
डीएम के अनुमोदन के बाद इस मामले में सीडीपीओ ने कार्यकर्ता मीना मिश्रा, जोखन चौधरी और रामदास केवट के खिलाफ मेंहदावल थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज करा दिया है। इस मामले में कार्यकर्ता को नोटिस दिया जाएगा और उनका जबाब भी मांगा जाएगा। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उनकी मानदेय आधरित सेवा समाप्त की जा सकती है।