मारपीट के दौरान झुलसी युवती की हालत गंभीर
घरवालों ने लगाया पट्टीदारों पर मिट्टी का तेल गिराकर जलाने का आरोप
एसओ बोले-अभी नहीं मिली है तहरीर, चल रहा है इलाज
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। धनघटा थाना क्षेत्र के मुठही खुर्द गांव में मंगलवार की दोपहर में जमीन संबंधी विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घरवालों ने दूसरे पक्ष पर मिट्टी का तेल फेंककर जिंदा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है।
मुठही खुर्द गांव निवासी राधेरमण शर्मा उर्फ बाढ़ू शर्मा मंगलवार को घर पर नहीं थे। इस दौरान उनके पट्टीदार रास्ते में मिट्टी पाटने लगे। आरोप है कि राधेरमण के 70 वर्षीय पिता काशी शर्मा ने रास्ते में मिट्टी डालने से मना किया तो उनकी पिटाई कर दी गई। राधेरमण की 22 वर्षीय बेटी रंजिता बाबा को पिटता देख दौड़कर पहुुंची और बीच-बचाव करने लगी। हमलावर उसे भी मारने-पीटने लगे तो वह जान बचाकर खेत की तरफ भागी। पीड़िता व उसकी मां का आरोप है कि पट्टीदारों ने रंजिता को दौड़ाकर पकड़ लिया और उस पर मिट्टी का तेल गिराकर आग लगा दी। गांव के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई तथा घटना की सूचना पुलिस को दी। एंबुलेंस से रंजिता को सीएचसी मलौली ले जाया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। एसओ करुणाकर पांडेय का कहना है कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। झुलसी युवती का इलाज चल रहा है। अभी इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।