सांथा (संतकबीरनगर)। बखिरा क्षेत्र के राजेडीहां में स्थित एक मोबाइल कंपनी के टॉवर पर तैनात कर्मचारी को शुक्रवार की रात कुछ हमलावरों ने मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। वारदात करने के बाद हमलावर भागने में भी सफल रहे। बाद में सूचना पर डायल 100 नबर की टीम और सांथा चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए और घायल कर्मी को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया,जहां उसका उपचार चल रहा है।
राजेडीहां में स्थित टॉवर पर तैनात ऑपरेटर राजू के सहयोगी कर्मी इलाहाबाद जिले के नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बारीबोज निवासी कुंदन यादव पुत्र राधेश्याम शुक्रवार की रात टॉवर पर मौजूद थे। रात में ही कुछ हमलावर हाकी, डंडा लेकर वहां पहुंच गए और ऑपरेटर को बुलाने लगे। जैसे ही कुंदन यादव ने गेट खोला, वैसे ही हमलावरों ने हॉकी और डंडे से उसे पीटना शुरु कर दिया। कर्मी के शोर मचाने पर जब तक लोग पहुंचते,तब तक हमलावर भाग निकले। पिटाई से कर्मी कुंदन का सिर फट गया और दाहिना पैर भी बुरी तरह से जख्मी हो गया। ऑपरेटर राजू ने तत्काल डायल 100 नंबर पुलिस को मामले की सूचना दिया। सूचना के बाद डायल 100 नंबर की टीम और सांथा चौकी के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने तत्काल घायल को सीएचसी मेंहदावल पहुंचाया। घायल कुंदन यादव की ओर से शनिवार को पुलिस को तहरीर दे दी गई है। चौकी इंचार्ज मोतीचंद ने बताया कि जांच पड़ताल में पता चला है कि टॉवर पर काम करने वाले एक इलेक्ट्रिशियन से क्षेत्र के मेंहदूपार के रहने वाले एक युवक से पूर्व में विवाद हुआ था। मेंहदूपार का युवक टॉवर से अपने घर पर बिजली का कनेक्शन जोड़वाना चाहता था,लेकिन ऐसा नहीं होने पर उसकी नाराजगी बढ़ गई। उसी विवाद को लेकर युवक अपने कुछ अन्य साथियों के साथ राजेडीहा टॉवर पर पहुंच गया और कर्मी कुंदन यादव की पिटाई कर दिया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।