आग से महिला झुलसी, हालत गंभीर
मेंहदावल सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर की गई, नायक टोला की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल। नायक टोला की रहने वाली 55 वर्षीय महिला कपड़ों में आग लगने से बृहस्पतिवार की देर रात झुलस गई। मेंहदावल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। चर्चा है उसने खुद ही शरीर पर मिट्टी का तेल गिराकर आग लगा ली थी। हालांकि, इस घटना की सूचना पुलिस को नहीं है। घरवाले कुछ बताने से कतरा रहे हैं।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के नायक टोला निवासी अदालत की 55 वर्षीय पत्नी नगमा को घरवाले गंभीर हालत में मेंहदावल सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के साथ ही हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल कर्मियों के अनुसार महिला के साथ आए लोगों ने बताया कि सास-बहू के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। कुछ देर बाद नगमा के कपड़ों में आग लगी। यह देख घरवालों ने शोर मचाया। पति अदालत समेत अन्य परिजन और पड़ोसी उसे सीएचसी लेकर पहुंचे थे। सीएचसी के चिकित्सक आरडी गौरव ने बताया कि महिला 70 प्रतिशत से अधिक झुलसी थी। एसओ कपिलमुनि सिंह का कहना है कि इस घटना से संबंधित कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो प्रकरण की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।