मेंहदावल। भारतीय स्टेट बैंक मेंहदावल में मंगलवार को रुपये निकालने गई 55 वर्षीया महिला की मौत हो गई। यह देख बैंक में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौप दिया।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के भिटिया कला निवासी धर्मा देवी पत्नी स्वर्गीय रामआसरे मंगलवार को भारतीय स्टेट बैंक मेंहदावल में रुपये निकालने आई थी। वह लाइन में 1500 रुपये का बिड्राल लेकर खड़ी थी। बैंक में उस वक्त भीड़ अधिक थी। इसी दौरान अचानक महिला गिरकर बेहोश हो गई। महिला के गिरते ही बैंक परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया। लोगों ने महिला को पानी का छींटा मारकर होश में लाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं आया। बैंक कर्मी व सुरक्षा में लगे थाने के सिपाहियों ने महिला को मेंहदावल सीएचसी भेजा। वहां चिकित्सक ने देखते हुए मृत घोषित कर दिया। शाखा प्रबंधक प्रेमलाल का कहना है कि महिला रुपये के लिए आई थी। वह बैंक के बाहर खड़ी थी और उसी दौरान गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं एसओ गौरव सिंह ने बताया कि महिला की मौत की सूचना पर वे बैंक गए थे। परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया। शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया गया।