बाघनगर। पूर्वांचल बैंक की बाघनगर शाखा में शनिवार को वृद्ध को झांसे लेकर युवक ने 45 हजार रुपये हड़प लिया। पीड़ित ने चौकी पुलिस से गुहार लगाई है। बस्ती जिले के पुरानी बस्ती थाना के बन्नी बेवतहरा गांव निवासी 60 वर्षीय दयाराम का पूर्वांचल बैंक बाघनगर में खाता है। दयाराम ने बताया कि 35 वर्षीय युवक उसके घर आया और महुली का निवासी बताया।
साथ ही दूर का रिश्तेदार बताकर फूफा कहने लगा। उसने कहा कि आपके खाते में पीएम आवास की पहली किस्त आई है। आपको पता नहीं है। पैसा जल्द से बैंक से निकाल लें अन्यथा रकम वापस हो जाएगी। दयाराम ने बताया कि युवक की पतोहू महुली की है। वह झांसे में आ गया और युवक की बाइक पर बैठकर पूर्वांचल बैंक बाघनगर पहुंचा।
उसने 45 हजार रुपये निकाला। युवक ने पैसे अपने पास रख लिया और उनको बाइक पर बैठाकर लेकर चल दिया। रास्ते में स्टेट बैंक के पास बाइक रोककर उसने दयाराम को उतार दिया और रकम लेकर फरार हो गया। चौकी प्रभारी बाघनगर मुन्नी लाल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।