बरात में छोड़े गए पटाखे से झोपड़ी जली
अमर उजाला ब्यूरो
नंदौर। बखिरा थानाक्षेत्र अंतर्गत तेनूडाड़ मझारी गांव में सोमवार की रात आई एक बरात में जलाए गए पटाखों के चलते एक व्यक्ति की झोपड़ी जल गई। झोपड़ी में रखा सारा सामान भी जलकर नष्ट हो गया। जिसकी झोपड़ी जली है उसकी बेटी की शादी 24 मई को होनी है।
सोमवार की शाम को तेनूडाड़ मझारी गांव में एक लड़की की शादी के लिए परसा शुक्ल गांव से बरात आई थी। बरात की अगुवाई के लिए पटाखे छोड़े जा रहे थे। ऐसे ही एक पटाखे की चिंगारी लक्ष्मी नारायण के छप्पर पर गिरा और आग लग गई। देखते ही देखते झोपड़ी जलने लगी। जब तक गांव वाले आग पर काबू पाते तब तक घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, पंखा, साइकिल आदि सारा सामान जल गया। लक्ष्मीनारायण ने बताया कि बेटी की 24 मई को शादी है, लड़की की विदाई के लिए कर्ज लेकर सारा सामान खरीदा था। आगलगी में सब कुछ जल जाने के बाद बेटी की शादी की चिंता है।