पचरा गांव में मवेशी और जेवर लूट ले जाने के बाद रोते पीड़ित परिवार के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
रोसया। मंगलवार की रात डीसीएम सवार असलहाधारी बदमाशों ने कल्याणपटटी-प्रजापतिपुर बांध के बगल में बसे तीन गांवों से तीन मवेशी लाद ले गए। बदमाशों ने शोर मचा रही महिला के गले से सोने की चेन, मोबाइल तथा टार्च भी छीन लिया।
आठ-दस की संख्या में आए बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर घटना को अंजाम दिया।पचरा गांव निवासी रुदल कुंआनो नदी के किनारे बंधे पर चाय की दुकान चलाकर परिवार का खर्च चलाते हैं। परिवार के साथ यहीं रहते भी हैं।
मंगलवार की रात में करीब दो बजे घर के सामने डीसीएम रुकी तो पत्नी शकुंतला की नींद टूट गई। डीसीएम से उतर कर चार लोग भैंस के पास पहुंचे और रस्सी खोलने लगे। पत्नी आवाज देते हुए उनके पास पहुंच गई। बदमाश उसे तमंचा दिखाते हुए गले की सोने की चेन व कर्णफूल छीन लिया।
तमंचा दिखाकर भैंस को गाड़ी पर लादकर फरार हो गए। उसके बाद डीसीएम सवार परसहर में जाकर इंद्रासन तिवारी के भैंस को लादने का प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली। इंद्रासन तिवारी को असलहा दिखाकर उनका मोबाइल व टार्च छीन लिए।
बेलघाट गांव निवासी मदनलाल यादव के दो मवेशी भी लाद ले गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस चौकी पौली पर दे दी है। चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।