लापता युवक का पेड़ से लटकता मिला शव
ननिहाल में रहकर कर रहा था पढ़ाई
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के मुसहरा बूढ़ी राप्ती नदी के किनारे एक 20 वर्षीय युवक का पेड़ से लटकता शव शुक्रवार को मिला। युवक मुसहरा में नाना के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह बृहस्पतिवार दोपहर बाद से लापता था। सूचना पर पहुंची धर्मसिंहवा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने तहरीर में युवक के मानसिक अस्वस्थ होने की बात कही है।
मुसहरा गांव के पूरब राप्ती नदी के तट पर आम के पेड़ से 20 वर्षीय युवक का शव किसी ग्रामीण ने लटकता हुआ देखा। शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग इकट्ठा हो गए। शव की पहचान उमेश कुमार चौरसिया पुत्र श्रीचंद चौरसिया निवासी सैनुआ थाना लोटन सिद्घार्थनगर के रूप में हुई। उमेश नाना रामअधारे चौरसिया निवासी मुसहरा के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह बृहस्पतिवार दोपहर बाद से साइकिल लेकर लापता था, उसके लापता होने की सूचना सोशल मीडिया पर भी वायरल की जा रही थी। रामअधारे ने थाने पर देकर तहरीर में कहा है कि उनका बेटा उमेश कुछ दिनों से मानसिक अस्वस्थ चल रहा था। उसका डॉक्टर के यहां इजाल चल रहा था। हालांकि गांव में युवक के मौत की गांव के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे। इस सम्बंध में थानाध्यक्ष सौदागर राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा।