धनघटा/हरिहरपुर। महुली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर में शुक्रवार की देर शाम सब्जी खरीदने गए एक युवक को मनबढ़ों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल युवक को सीएचसी नाथनगर ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालात गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। महुली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर के वार्ड नंबर दो निवासी शिवम पटवा देर शाम कस्बे की सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने गया था। जब वह घर लौट रहा था तो कुछ मनबढ़ों ने उसके ऊपर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची महुली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसओ महुली शैलेंद्र राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।